मंडी: वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में हिमाचल ऑन सेल का टैग लगा दिया है, क्योंकि यह सरकार प्रदेश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचने पर आमादा है। इसकी इजाजत भाजपा न तो पहले देती थी और न ही अब सुक्खू सरकार को देगी। जैसी भाजपा ने आशंका व्यक्त की थी कि सरकार चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी संपत्तियों को बेचने जा रही है, ठीक वही होने जा रहा है। ये बातें बुधवार को मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहीं। इससे पहले जयराम ने भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के विषय पर आधारित एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ और अवलोकन किया।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार का अब तक का कार्यकाल देश के लिए अत्यंत स्वर्णिम रहा है। जयराम ठाकुर ने ऐतिहासिक व विश्व प्रसिद्ध होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल की प्रस्तावित नीलामी के मुद्दे पर कहा कि इस मामले को मुकाम तक पहुंचाने और इसमें बड़ी जीत हासिल करने का वास्तविक श्रेय पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के प्रयासों तथा पूर्व की तमाम सरकारों को जाता है, परंतु सुक्खू केवल अपनी झूठी वाहवाही लूटने में व्यस्त हैं।
जयराम ने खुलासा किया कि इस संपत्ति पर न्यायालय का फैसला लगभग अढ़ाई साल पहले ही आ चुका था, परंतु वरिष्ठ अधिवक्ता मनु सिंघवी ने सरकार पर अपना लगातार दबाव बना रखा था, जिसके कारण विलंब हुआ और अब वर्तमान सरकार इसकी टैंडर प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी करते हुए किसी एक चहेते को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
जयराम ने कहा कि सुक्खू सरकार अब तक प्रदेश की बहुत सारी संपत्तियों को बेच चुकी है और इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए इस सरकार ने हाल ही में राज्य पर्यटन विकास निगम की 18 बड़ी संपत्तियों व होटलों को भी प्राइवेट सैक्टर को ठेके पर देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसी के विरोध में पर्यटन निगम के तमाम कर्मचारी आज सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर विधायक अनिल शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य तथा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा उपस्थित रहे।
