शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है।
राज्य सरकार ने निगम के लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए 20 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। निगम प्रबंधन के अनुसार यह राशि अगले तीन दिनों के भीतर कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में जमा कर दी जाएगी।
इस निर्णय से निगम के करीब 11 हजार कार्यरत कर्मचारियों और लगभग पांच हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित करीब 15 हजार लाभार्थियों को फायदा मिलेगा। लंबे समय से हजारों मेडिकल प्रतिपूर्ति दावे लंबित पड़े थे, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हालांकि, निगम गंभीर बीमारियों से ग्रस्त कर्मचारियों और पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए हर माह 30 से 40 लाख रुपये जारी कर रहा था, लेकिन फंड की कमी के कारण बड़ी संख्या में दावे लंबित थे।
कर्मचारी संगठनों और पेंशनर मंचों ने भी कई बार सरकार और निगम प्रबंधन से भुगतान की मांग उठाई थी। अब सरकार से वित्तीय सहायता मिलने के बाद लंबित मेडिकल बिलों के निपटारे का रास्ता साफ हो गया है।
