पटना: बिहार में मंत्रियों के बंगले पर सियासत खूब हो रही है. अभी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के बंगले को लेकर आरजेडी ने आरोप लगाया था कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष का बंगला दे दिया गया है लेकिन मुख्यमंत्री आवास के साथ अटैच करने का आदेश रद्द होने के बाद पांच देश रत्न मार्ग बंगला खाली हो गया था, जिसे निशांत कुमार को दे दिया गया है.
निशांत कुमार का बंगला आवंटित: 5 देश रत्न मार्ग मुख्यमंत्री आवास से सटा हुआ है. साथ ही पूर्व सीएम नीतीश कुमार को 7 सर्कुलर रोड बंगला दिया गया है, जो उसके ठीक बगल में है. पांच देश रत्न मार्ग में पहले खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रहते थे. जो उनको बतौर डिप्टी सीएम आवंटित हुआ था.
2 देश रत्न मार्ग में रहेंगे रामकृपाल यादव: वहीं, निशांत कुमार का 2 देश रत्न मार्ग बंगला सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव को आवंटित कर दिया गया है. पहले यह बंगाल विधानसभा अध्यक्ष के नाम से चिह्नित था लेकिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने पुराने बंगले में ही रहने की बात कही थी, जिसे भवन निर्माण विभाग ने मान लिया. भवन निर्माण विभाग की तरफ से यह बड़ा बदलाव किया गया है.
राबड़ी देवी को खाली करना होगा आवास: वैसे राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड का बंगला का विवाद अभी भी समाप्त नहीं हुआ है. सरकार की तरफ से 15 दिन का नोटिस राबड़ी देवी को दिया गया था, जो अब समाप्त होने वाला है. राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड आवास से अपना काफी सामान शिफ्ट भी किया है लेकिन अभी भी बंगला खाली नहीं हुआ है.
बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 39 नंबर हार्डिंग रोड को बंगला आवंटित हुआ है लेकिन वह वहां जाने को तैयार नहीं हैं. चर्चा है कि वह अपने निजी आवास में शिफ्ट होंगी. उन्होंने फिलहाल सरकारी सुरक्षा भी वापस कर दी है.
विपक्ष ने उठाए थे सवाल: पिछले दिनों आरजेडी की तरफ से वरिष्ठ नेताओं ने सत्ताधारी दल के कई नेताओं के बंगले पर सवाल खड़ा किया था, जिस पर भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने सफाई भी दी थी. अब निशांत को पांच देशरत्न मार्ग का बंगला आवंटित किए जाने के बाद देखना है विपक्ष का क्या रिएक्शन होता है?
