बूंदी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए रीट पेपर लीक प्रकरण को मुद्दा बनाया है. उन्होंने सवाल उठाया कि कोटा आकर युवाओं के हितों की बात करने वाले राहुल गांधी पहले यह बताएं कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय रीट परीक्षा में शामिल 26 लाख अभ्यर्थियों का आखिर क्या कसूर था, जिनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ.
‘जवाब दें राहुल’: मीडिया से बातचीत के दौरान ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि राहुल गांधी राजस्थान आकर युवाओं, रोजगार और शिक्षा की बात करने वाले हैं, लेकिन उन्हें सबसे पहले कांग्रेस शासनकाल में हुए भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों पर जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठे और लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया. नागर ने कहा कि रीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण राजस्थान के युवाओं के साथ हुए सबसे बड़े अन्यायों में से एक था. करीब 26 लाख अभ्यर्थियों ने कड़ी मेहनत और वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक होने से उनके सपनों को गहरा आघात पहुंचा.
‘लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य हुआ प्रभावित’: उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस सरकार न तो दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर पाई और न ही युवाओं का भरोसा बहाल कर सकी. राहुल गांधी के प्रस्तावित कोटा दौरे को लेकर नागर ने कहा कि जनता अब केवल राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि जवाबदेही चाहती है. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस युवाओं के हितों की बात करती है तो उसे अपने शासनकाल की उन घटनाओं पर भी जवाब देना होगा, जिनसे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ.
पेपर लीक माफिया के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया: ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद पेपर लीक माफिया के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया है. जांच एजेंसियों को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो. इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क, रेल, हवाई और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है.
