मसूरी: उत्तराखंड के मसूरी में फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां बड़ा मोड़ बाला हिंसार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. जिसमें 3 महिला और एक बच्चा सवार थे. जो गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना हुए. जहां स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे तीन महिला और एक बच्चे को निकाल कर मसूरी के उप जिला अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने घायलों का उपचार किया.
“हादसे में चारों को काफी गंभीर चोटें आई हैं. जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है. अब हायर सेंटर देहरादून रेफर किया जा रहा है.“- प्रशांत, डॉक्टर, मसूरी उप जिला अस्पताल
वहीं, मसूरी पुलिस के एसएसआई सत्येंद्र भाटी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से करीब 100 मीटर गहरी खाई से निकालकर उप जिला अस्पताल भेजा.
घटनास्थल से कुछ दूर पहले फोटो खिंचाते नजर आए थे कार सवार: उन्होंने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि घटनास्थल से कुछ दूर पहले ये सभी एक दूसरे की फोटो खींच रहे थे.
महिला चला रही थी कार: कार महिला चला रही थी. खड़ी चढ़ाई में कार अनियंत्रित हो गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है. चारों लोग मसूरी घूमने के लिए आए हुए थे. हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है.
कार हादसे में घायल-
- प्रियांजली रावत पत्नी राज रावत (उम्र 26 वर्ष), निवासी- भानियावाला, देहरादून
- रोनित रावत पुत्र राज रावत (उम्र 5 वर्ष), निवासी- भानियावाला, देहरादून
- आकांशा नौटियाल पुत्री ओम प्रकाश नौटियाल (उम्र 23 वर्ष), निवासी- शिमला बाईपास, देहरादून
- लक्की देवी पुत्री श्यामलशील (उम्र 24 वर्ष), निवासी- शांतिपारा, डिब्रूगढ़, असम
