शिमला: मध्य पूर्व के हॉर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में अमेरिका द्वारा तेल टैंकर पर किए हमले में हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा का निधन हो गया है। आदित्य मूल रूप से हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के रहने वाले थे। विदेश से इस हृदय विदारक घटना की खबर जैसे ही उनके गृह उपमंडल पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और शोक की लहर दौड़ गई है।
सीएम सुक्खू ने दिए प्रशासन को निर्देश
युवा नाविक के इस तरह अचानक निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख प्रकट किया है। सीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि दुख की इस बेहद कठिन घड़ी में पूरी राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवार को फौरी राहत देने के लिए हमीरपुर जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को आदेश दिए गए हैं कि परिवार को तुरंत हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
जयराम ठाकुर ने उठाई पार्थिव देह जल्द लाने की मांग
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में इस तरह की अचानक हुई घटना में हिमाचल के होनहार बेटे का जाना बेहद दुखद है। नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित परिवार की हर प्रकार से मदद की जाए। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि राजनयिक स्तर पर प्रयास तेज करते हुए दिवंगत आदित्य शर्मा की पार्थिव देह को जल्द से जल्द, पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक घर वापस लाने की व्यवस्था की जाए।
