उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार, 8 जून से पूरे प्रदेश में गणना फार्म वितरण अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) को सहयोग करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। यह अभियान 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे और प्राप्त फॉर्म को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटलीकृत करेंगे।
उन्होंने बताया कि जो मतदाता दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से बीएलओ के साथ कॉल शेड्यूल की जा सकती है। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
यदि किसी घर पर बीएलओ के भ्रमण के दौरान मतदाता नहीं मिलता है, तो बीएलओ उस पते पर तीन बार जाएगा और घर पर एक स्टीकर लगाकर अगले भ्रमण की तिथि और संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें और गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के अतिरिक्त दस्तावेजों की मांग नहीं की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।
14 जुलाई से 11 सितंबर तक इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से स्वयं भी गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
साथ ही नए पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं, जिन पर बाद में विचार किया जाएगा।
