काशीपुर स्थित गन्ना प्रेक्षागृह में आज राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग किया और किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की सोच ही कृषि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान कर रही है। उनके अनुसार, कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।
कृषि मंत्री ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित और न्यूनतम उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए नियमित मृदा परीक्षण (सॉइल टेस्टिंग) अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसान मिट्टी परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करेंगे तो उत्पादन लागत घटेगी, फसल की गुणवत्ता बेहतर होगी और भूमि की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहेगी।
गणेश जोशी ने किसानों को आधुनिक तकनीकों, जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग से खेती को अधिक टिकाऊ बनाया जा सकता है। इससे न केवल भूमि की उर्वरता सुरक्षित रहेगी बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के हित में ड्रैगन फ्रूट, कीवी और मिलेट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए कई नीतियां लागू की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पहले मृदा परीक्षण केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित था, जिससे किसानों को समय पर जानकारी नहीं मिल पाती थी।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने “लैब टू लैंड” की अवधारणा को प्रभावी रूप से लागू किया है। इसके तहत अब कृषि वैज्ञानिक स्वयं किसानों के खेतों तक पहुंचकर मिट्टी का परीक्षण कर रहे हैं और उन्हें सीधे मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को मृदा परीक्षण तथा कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर काशीपुर मेयर दीपक बाली, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव, जिला उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा सहित कई विभागीय अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
