कुरुक्षेत्र में आज युवा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का बड़ा ऐलान किया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कुरुक्षेत्र पहुंचना शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारियों के इस कूच को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
वहीं, कुरुक्षेत्र में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछारें का इस्तेमाल करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया है, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता मौके पर डटे हुए हैं और सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देने पर अड़े हैं।विज्ञापन
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और चार लेयर की मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन व अन्य विशेष प्रबंध भी किए गए हैं। हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखे टकराव की प्रबल आशंका बनी हुई है।
वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह ने कहा अगर सरकार को लगता है कि इन पानी की बौछारों से हमारा मनोबल टूट जाएगा, तो वे गलतफहमी में हैं। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक इस देश के युवा पीछे नहीं हटेंगे।
