चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर तहसील क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के माध्यम से मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, वहीं हनुमानगढ़ी मंदिर का व्यापक सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन के तहत सेलागांव में मां पूर्णागिरि मेले के सुचारू संचालन के लिए अत्याधुनिक बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 8.54 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें प्रथम चरण के लिए 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
प्रस्तावित भवन में मेला प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एकीकृत कार्य व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, प्रशासनिक कार्यालयों और विभिन्न जनसुविधाओं का संचालन भी इसी परिसर से किया जाएगा। इससे मेले के दौरान प्रशासनिक समन्वय और व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मानस मंदिर माला मिशन’ योजना के अंतर्गत हनुमानगढ़ी मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.91 करोड़ रुपये की पूर्ण धनराशि मंजूर की गई है।
इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर का विस्तार किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास होगा। इसमें विश्राम स्थल, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, सुगम पहुंच मार्ग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और पारंपरिक स्थापत्य शैली के अनुरूप विशेष निर्माण कार्य शामिल हैं। इन प्रयासों से मंदिर परिसर की भव्यता और सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सरकार का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद चम्पावत जिले में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही जिले की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इन विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
