बुलंदशहर के कचहरी परिसर में शनिवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। कचहरी में संपत्ति का बैनामा कराने आए एक युवक के हाथ से बंदर करीब दो लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने बैग खोलकर उसमें रखे नोट निकाल-निकालकर नीचे फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते पेड़ से नोटों की बारिश होने लगी और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, युवक किसी संपत्ति का बैनामा कराने कचहरी पहुंचा था। उसके बैग में करीब दो लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
बंदर से पेड़ से बरसाए नोट
इसी दौरान अचानक एक बंदर आया और युवक के हाथ से बैग छीनकर पास के एक पेड़ पर जा बैठा। शुरुआत में लोगों को लगा कि बंदर बैग लेकर भाग जाएगा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने बैग खोल दिया और उसमें रखे नोट बाहर निकालने लगा।पेड़ से नोट गिरते देख वहां मौजूद वकील, मुवक्किल और अन्य लोग हैरान रह गए। कुछ लोगों ने बंदर को भगाने की कोशिश की, जबकि कई लोग जमीन पर गिर रहे नोटों को समेटने में जुट गए। पीड़ित युवक भी घबराकर अपने रुपये बचाने की कोशिश करता रहा। काफी देर तक कचहरी परिसर में यही नजारा बना रहा।
कचहरी में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अनोखे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में कैद करने लगा। लोगों ने मिलकर जमीन पर बिखरे नोटों को इकट्ठा किया और युवक को लौटाने में मदद की। कचहरी परिसर में बंदरों का आतंक पहले भी कई बार देखने को मिला है, लेकिन इस तरह नोटों से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ना और फिर नोटों की बारिश करना लोगों के लिए बिल्कुल नया अनुभव रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस अनोखी घटना ने कुछ देर के लिए कचहरी परिसर में कामकाज से ज्यादा लोगों का ध्यान बंदर और उड़ते नोटों की ओर खींच लिया।
