देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर बैठकों को दौर जारी है. इसी कड़ी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जहां पार्टी मुख्यालय में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत कर्नल रामरतन नेगी समेत अन्य नेताओं के साथ लंबी बैठक की, तो वहीं शाम को राहुल गांधी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने जिलाध्यक्षों और महानगरों अध्यक्षों की वर्चुअली बैठक ली.
4 और 5 जून उत्तराखंड आ रहे राहुल गांधी: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के सभी विधायकों के साथ जूम बैठक के माध्यम से जुड़ीं. दोनों बैठकों का उद्देश्य ये था कि राहुल गांधी के 4 और 5 जून के दौरे को किस तरह से सफल बनाया जाए. दोनों बैठकों में उनके अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून दौरे को लेकर कुमारी शैलजा ने पार्टी नेताओं के साथ विस्तृत रूप से चर्चा की.
अग्निवीर’ का मुद्दा उठाएंगे राहुल गांधी: इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि यह राहुल गांधी पर निर्भर करेगा कि वो पौड़ी में 4 तारीख को होने जा रहे पूर्व सैनिकों के सम्मेलन में क्या बोलते हैं? उन्होंने बताया कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की ओर से यह सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. इस सम्मेलन में निश्चित रूप से राहुल गांधी ‘अग्निवीर’ का मुद्दा उठाएंगे.
सत्ता में आने पर कांग्रेस अग्निपथ योजना को खत्म करेगी: गोदियाल ने कहा कि हाल ही में उनके क्षेत्र के कुछ युवाओं को अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर बनने में सफलता मिली है. उनकी सफलता पर मैंने बधाई देते हुए उन्हें ये भी कहा कि कांग्रेस अगर केंद्र में आती है, तो कांग्रेस इस योजना को बदलकर सेना में पूर्व में चली आ रही भर्ती प्रक्रिया को दोबारा शुरू करेगी, जो अग्निवीर भर्ती हो गए हैं, उन्हें रेगुलर सैनिक बनाया जाएगा.
गोदियाल का तंज, अब सरकार ‘शिक्षा वीर’, ‘बैंक वीर’ लाएगी: इसके अलावा गणेश गोदियाल ने कहा कि यह वर्तमान सरकार की नाकामी है कि सरकार पूर्व में चली आ रही भर्तियों को निरस्त करके अग्निपथ योजना लागू करके अग्निवीर बना रही है. धीरे-धीरे सरकार की मंशा अग्निवीर की तर्ज पर शिक्षा विभाग में ‘शिक्षा वीर’, ‘बैंक वीर’ जैसे टेंपरेरी एंप्लॉयमेंट देकर सरकार अपने फर्ज से पल्ला झाड़ने का काम करेगी.
