अल्मोड़ा: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है. आगामी चार जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड आ रहे हैं. इस दौरान राहुल गांधी अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में रैली करने के साथ ही पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से भी बात करेंगे. राहुल गांधी के इन्ही कार्यक्रमों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कटाक्ष किया है.
सीएम धामी ने तो राहुल गांधी को लेकर यहां तक कहा है कि सेना पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि स्वीकार नहीं करेगी. दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 27 मई को अल्मोड़ा पहुंचे थे. इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी से राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर सवाल किया गया, तभी उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान करते रहे हैं. राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है और यहां के लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हैं. उत्तराखंड की सीमाएं दो देशों से जुड़ी हुई हैं और यहां के लोगों का सेना व राष्ट्रभक्ति से गहरा जुड़ाव है. ऐसे में कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं होने वाली है. देवभूमि के निवासी हमेशा राष्ट्र को पहले स्थान पर रखते हैं.
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया. उन्होंने जिले में करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और क्षेत्र के लिए विकास का नया अध्याय साबित होंगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. विश्वविद्यालय में बने नए प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास से शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी. साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें और उन्हें पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही. वहीं राजनीतिक हलकों में राहुल गांधी के संभावित दौरे और भाजपा के आक्रामक चुनावी अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
