शिमला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली बार विद्यार्थियों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ी है। 11,721 विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर सीबीएसई से संबद्ध प्रदेश के सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है।
सरकार ने शिक्षा में गुणात्मक सुधार व सरकारी स्कूलों में कम हो रही विद्यार्थियों की संख्या पर अंकुश लगाने के लिए 158 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया है। पहले ही साल इसके सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। विद्यार्थियों का सरकारी स्कूलों की ओर रुझान बढ़ा है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन स्कूलों में 84,420 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विभाग के अनुसार इनमें 11,721 विद्यार्थियों ने निजी स्कूल छोड़कर इनमें दाखिला लिया है, जबकि 11,525 विद्यार्थी वे हैं जो सरकारी स्कूलों से सीबीएसई से संबद्धता वाले स्कूलों में आए हैं। 23,247 दाखिले अभी तक बढ़ चुके हैं। मंडी, शिमला, चंबा, सिरमौर और सोलन जिले के स्कूलों में सबसे अधिक दाखिले हुए हैं।
सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 11 वर्षों में सरकारी स्कूलों में प्राइमरी से जमा दो तक 3,53,805 विद्यार्थियों की संख्या कम हुई है। वर्ष 2014-15 में 9,59,147 विद्यार्थी थे, जो 2024-25 में 6,05,342 रह गए हैं। पहले प्री प्राइमरी व अब सीबीएसई से सरकारी स्कूलों को संबद्ध करने के बाद सुधार हो रहा है।
