रुद्रपुर। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत विकास भवन के सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने की। इस दौरान जिले को तंबाकू मुक्त बनाने और कोटपा (COTPA) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई सख्त निर्देश जारी किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को अनिवार्य रूप से “तंबाकू मुक्त परिसर” घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यालय परिसर में धूम्रपान या तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शिक्षा विभाग को इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों को नियमित रूप से चलाने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान नियमित रूप से संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, सभी स्कूलों को साप्ताहिक आधार पर तंबाकू विरोधी गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने होंगे।
जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक गांव में ग्राम स्तरीय समन्वय समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये समितियां ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाने और तंबाकू नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करेंगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि तंबाकू उत्पादों की अवैध तस्करी रोकने के लिए जीएसटी विभाग भारत-नेपाल सीमा क्षेत्रों में निगरानी और सर्विलांस को और मजबूत करेगा। वहीं पुलिस विभाग को ई-सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाना और जिले को तंबाकू मुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ इन निर्देशों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस, जीएसटी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
