रुद्रपुर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील मामलों पर सतर्क निगरानी रखी जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवैध धर्मांतरण, नशे के कारोबार, अवैध इंजेक्शन, मिलावटी दवाइयों, अतिक्रमण और अवैध धार्मिक संरचनाओं पर सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें चिन्हित कर जिला प्रशासन को सूचित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धर्मांतरण गतिविधियों में शामिल लोगों पर उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2018 के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने महिला सुरक्षा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, पॉक्सो मामलों, चोरी और गृहभेदन जैसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में पुलिस और प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करनी होगी ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक विवादों और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों में यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रमिकों को सरकार द्वारा निर्धारित वेतन मिल रहा है या नहीं। इसके लिए नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि श्रमिकों के हित सुरक्षित रह सकें।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर या नियमों के विरुद्ध बनी किसी भी अवैध धार्मिक संरचना को चिन्हित कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का त्वरित निस्तारण किया जाए और राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए। खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध संरचनाओं की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर, उप जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल्याणी नदी में हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएं और उसे हटाया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई समय पर की जाए ताकि वर्षा काल में शहर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य, विकास, राजस्व और समाज कल्याण विभागों के संयुक्त कैंप आयोजित किए जाएं, जिससे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर आयुक्त और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
