लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सोमवार को सुबह 10:30 बजे लोक भवन में पहली कैबिनेट बैठक होगी. बैठक से पहले नए कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को रविवार देर रात विभाग सौंप दिए गए. दो नए प्रमुख कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा आपूर्ति विभाग का दायित्व सौंपा गया है.
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र सिंह तोमर को राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल का जिम्मा दिया गया है. कृष्णा पासवान को राज्य मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास बनाया गया है. कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. सुरेंद्र दिलेर को राज्य मंत्री (राजस्व) बनाया गया है, जबकि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा को सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग सौंपा गया है.
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का कद हुआ कम : खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग का सर्वोच्च प्रशासनिक एवं नीतिगत प्रभार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास था. अब इस विभाग का कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को बनाया गया है. कैबिनेट मंत्री राकेश सचान का भी कद कम किया गया है. उनसे सूचना मध्यम उद्यम विभाग वापस ले लिया गया है. अब राकेश सचान के पास खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग का प्रभार है.
डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से प्रभार वापस लिया : उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग के कैबिनेट मंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं थे. अब राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर को विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग भी मुख्यमंत्री के पास ही है. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से मंत्रालय ले लिया गया है. पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री के साथ राजनीतिक पेंशन विभाग की जिम्मेदारी निभाने वाले धर्मपाल सिंह का भी कद कम कर दिया गया है. अब उनकी सहायता के लिए विभाग में कृष्णा पासवान को राज्य मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास बनाया गया है. राजनीतिक पेंशन विभाग उनसे वापस ले लिया गया है.
एके शर्मा के साथ काम करेंगे हंसराज : सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्रालय वर्तमान में मुख्यमंत्री के पास है. ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री एके शर्मा के साथ भी अब राज्य मंत्री के रूप में कैलाश सिंह राजपूत को लगा दिया गया है. इसके अलावा भूपेंद्र चौधरी के साथ राज्य मंत्री के रूप में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री की जिम्मेदारी हंसराज विश्वकर्मा संभालेंगे.
बैठक का एजेंडा जारी : कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय रविवार को लोक भवन में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में बिना पोर्टफोलियो के ही शामिल हुए. उन्होंने यहां पर अनुदेशकों को संबोधित भी किया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे. उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने रविवार शाम बैठक का एजेंडा जारी किया.
दो प्रस्ताव बेहद अहम : कैबिनेट बैठक में करीब 11 प्रस्ताव रखे जाएंगे. इनमें दो प्रस्ताव बेहद अहम हैं. पहला त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए ओबीसी आयोग का गठन होना है. इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के आदेश के बाद आयोग बनेगा और उसकी रिपोर्ट पर ही पंचायत चुनाव होंगे. दूसरा वेटनरी छात्रों का इंटर्नशिप भत्ता चार हजार रुपए से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा.
प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा वेटनरी छात्र हैं. लोहिया संस्थान के नए परिसर में 1010 बेड का मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी अस्पताल, टीचिंग ब्लॉक और ओपीडी ब्लॉक बनाने का प्रस्ताव भी शामिल है. लखनऊ मेट्रो फेज-1 बी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर चारबाग से वसंतकुंज के लिए एमओयू को मंजूरी मिल सकती है. मिर्जापुर में बिजली उपकेंद्र, प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल का विस्तार और आगरा मेट्रो कॉरिडोर-2 के लिए जमीन हस्तांतरण पर भी निर्णय हो सकता है.
