मोहाली। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनावों के लिए अपने आधिकारिक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने 50 में से 42 वार्डों के प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई है, जबकि शेष वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि टिकट वितरण में सामाजिक संतुलन, संगठनात्मक सक्रियता और क्षेत्रीय पकड़ को ध्यान में रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, शेष वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम विचार-विमर्श चल रहा है और दूसरी सूची शनिवार को जारी की जाएगी।
पार्टी द्वारा जारी सूची के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। चुनावी माहौल में विभिन्न वार्डों में प्रचार अभियान भी गति पकड़ने लगा है। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि इस बार नगर निगम चुनावों में विकास, सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज और स्थानीय समस्याओं को मुख्य मुद्दा बनाया जाएगा।
पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा द्वारा जारी सूची के अनुसार, वार्ड नंबर 1 से 9, 10 से 19, 22, 23 से 33, और 34 से 50 तक के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इस सूची में महिलाओं, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित वार्डों में भी उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई है।
