उत्तर प्रदेश के झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में सोमवार देर रात शादी के महज 14 दिन बाद ही नवविवाहिता प्रियंका मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पति का कहना है कि प्रियंका छत की मुंडेर पर बैठी थी। संतुलन बिगड़ने के चलते वह नीचे गिर गई। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर के पीपीगंज निवासी श्रीप्रकाश मिश्रा कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उनकी 30 वर्षीय बेटी प्रियंका मिश्रा बीएड की पढ़ाई कर रही थी। करीब डेढ़ साल पहले मैट्रिमोनियल वेबसाइट ‘जीवनसाथी डॉट कॉम’ के जरिए उसकी पहचान झांसी के मिशन कंपाउंड निवासी शुभम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हो गया। बीती 28 अप्रैल को प्रियंका और शुभम की धूमधाम से शादी हुई थी। दो मई को रिसेप्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था।
देर रात छत से गिरने से हुई मौत
सोमवार देर रात शुभम और प्रियंका घर की छत पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रियंका दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। गिरते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता बोले- बेटी को छत से फेंका गया
मृतका के पिता श्रीप्रकाश मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही प्रियंका को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि शादी में पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष कार और अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने कुछ समय बाद कार देने की बात कही थी, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया।
भाई का आरोप- बहन ने कहा था, ‘कार दिला दो, नहीं तो ये लोग कुछ कर देंगे’
मृतका के भाई राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम को ही उनकी बहन से फोन पर बात हुई थी। उसने ससुराल में प्रताड़ना की जानकारी दी थी। राकेश के मुताबिक प्रियंका ने कहा था, “पापा और भैया से कहो गाड़ी की व्यवस्था करा दें, नहीं तो ये लोग कुछ भी कर सकते हैं।” रात में अचानक मौत की सूचना मिल गई।
पति का दावा- मजाक करते समय बिगड़ा संतुलन
वहीं पति शुभम ने पुलिस को बताया कि वह और प्रियंका देर रात छत पर बैठे थे। प्रियंका मुंडेर पर पैर लटकाकर बैठी थी और मजाक कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। शुभम के अनुसार गिरते ही परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी जेपी चौबे ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
