सितारगंज। नानकमत्ता क्षेत्रांतर्गत ग्राम दीननगर में पांच अप्रैल को धर्मांतरण करने के आरोप में पुलिस ने नौ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन पर ग्राम दीननगर में कुछ ग्रामीण लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रचार-प्रसार षडयंत्र कर प्रलोभन के लिए उकसाकर गतिविधियों में संलिप्तता करने का आरोप लगाया है।सोहन सिंह पुत्र फिरू सिंह निवासी ग्रामसभा बलखेड़ा ग्राम नवीनगर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में कहा है कि उनके गांव में गौरी सिंह पुत्र श्री उमेदी सिंह ने अपने निवास स्थान के सामने हाल बनाया है। जिसमें करीब आठ वर्षों से मसीह धर्म का प्रचार एवं प्रसार किया जा रहा है। गौरी सिंह अपनी टीम के साथ गांव वालों को मॉनीटरी प्रलोभन देता है। आरोप लगाया है कि ये लोग महिलाओं से लेकर बच्चों की दवाईयां तथा पढ़ाई के निशुल्क प्रलोभन दे रहे हैं। मसीह धर्म के ज्ञान का मैटेरियल भी दिया जाता है। सोहन सिंह ने कहा है कि पांच अप्रैल को दोपहर कुछ लोग आये। उसे मसीह धर्म अपनाने की सलाह दी। इनके साथ वर्दीधारी गार्ड और महिलाएं शंकर सिंह पुत्र जसवीर सिंह, वरूण सिंह पुत्र उमेदी सिंह व तीन अन्य लोग, श्यामली पत्नी शंकर सिंह, सरिता पुत्री सहदेव सिंह एवं सबनम पुत्री उमेदी सिंह आये थे। तहरीर में कहा है कि धर्म अपनाने पर पांच लाख रुपये की धनराशि देने का प्रलोभन दिया। मना करने पर डराया धमकाया गया। जिससे उसका परिवार पीड़ित है। सोशल मीडिया में बजरंग दल पेज पर जब शिकायत के करने पर रिमूव करने के लिए धमकी दी गयी। सोहन सिंह के अनुसार धर्मान्तरण करने के लिए घर के बाहर एक पानी का कुंड बनाया है। जिसमें स्नान करवाकर चूरमा खिलाते हैं। जो धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। सोहन सिंह ने दान सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर मुड़िया. सहदेव सिंह निवासी नवीनगर, प्रदीप सिंह निवासी नवीनगर पर भी धर्मांतरण के कार्य में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। कोतवाल मंजू पाण्डे के अनुसार सोहन सिंह की तहरीर पर रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
