शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिन के प्रवास पर शिमला पहुंची हैं। शिमला के मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पहुंचने पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्री अनिरुद्ध सिंह, सांसद सुरेश कश्यप सहित अन्य लोगों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
पांच दिन राष्ट्रपति कार्यालय अस्थायी रूप से शिमला से ही चलेगा। प्रवास के दौरान राष्ट्रपति सचिवालय का पूरा कामकाज यहीं से संचालित होगा और आवश्यक फाइलें यहीं लाई जाएंगी।
छराबड़ा में राष्ट्रपति का ग्रीष्मकालीन आवास
राष्ट्रपति का हिमाचल प्रवास पहले 27 अप्रैल से दो मई का था। अब कार्यक्रम में फेरबदल के बाद वह पहली मई को दिल्ली लौटेंगी। छराबड़ा में राष्ट्रपति का ग्रीष्मकालीन आवास है। राष्ट्रपति का सोमवार को किसी से मिलने का तय कार्यक्रम नहीं है। वह यहां बेटी और नातिनों के साथ समय बिताएंगी।
11:30 बजे चंडीगढ़ हवाई अड्डे से भारतीय वायु सेना के हेलीकाप्टर से 12:05 बजे मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर उतरीं। एक किलोमीटर दूर स्थित सड़क मार्ग से राष्ट्रपति 10 मिनट के भीतर निवास पहुंचीं। काफिले के गुजरने के दौरान यातायात रोका गया।
लोकभवन में होगा रात्रि भोज
28 अप्रैल को लोक भवन में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज देंगे। प्रवास के दौरान राष्ट्रपति पालमपुर का दौरा भी करेंगी, जहां वह चाय के बगीचों का अवलोकन करने के साथ कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल होंगी। वह देश की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल रोहतांग सुरंग का भी निरीक्षण करेंगी।
सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी
शिमला दौरे के दौरान राष्ट्रपति सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा कर सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। शिमला शहर में लगभग 1000 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया है।
