शिमला। मंडी, पालमपुर, धर्मशाला व सोलन नगर निगम में होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने बिसात बिछा दी है। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को चुनाव समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित कैबिनेट मंत्री, विधायक पूर्व मंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं को चुनाव समिति में शामिल किया गया है।
कांग्रेस के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकना शुरू कर दिया है। ये चुनाव 2027 में विधानसभा चुनाव की दशा एवं दिशा तय करेंगें। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व कांग्रेस अध्यक्ष सभी समितियों के सदस्य हैं।
सोलन में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री को जिम्मा
सोलन नगर निगम के लिए गठित समिति सबसे ताकतवर है। यहां पर मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी, रामकुमार, हरदीप सिंह बावा व जिला अध्यक्ष सुभाष वर्मानी को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित चार मंत्री, चार विधायकों को शामिल किया गया है। सोलन नगर निगम भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का गृह क्षेत्र है। डा. बिंदल खुद नगर परिषद के अध्यक्ष यहां से रह चुके हैं।
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके कौल सिंह को समिति में जगह
मंडी नगर निगम के लिए गठित समिति में मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, विधायक चंद्र शेखर, विधायक सुंदर ठाकुर व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंपा ठाकुर को शामिल किया गया है।
सीएम, डिप्टी सीएम, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अलावा दो मंत्रियों को समिति में शामिल किया है। सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके पूर्व मंत्री व व कांग्रेस अध्यक्ष रहे कौल सिंह ठाकुर को भी समिति में स्थान दिया गया है।
धर्मशाला में प्रतिष्ठा का सवाल
धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए गठित चुनाव समिति में मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा कृषि मंत्री चंद्र कुमार, पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा, विधायक केवल सिंह पठानिया, मलेंद्र राजन, पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी व पूर्व विधायक अजय महाजन को शामिल किया गया है।
कांग्रेस के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। धर्मशाला विस सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस से बागी होकर भाजपा में शामिल हुए सुधीर शर्मा ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस इस चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी।
पालमपुर में सीएम की पत्नी को भी जिम्मेदारी
पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए गठित चुनाव समिति में मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, खेल मंत्री यादविंदर गोमा, राज्यसभा सदस्य व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुराग शर्मा, विधायक आशीष बुटेल, किशोरी लाल, संजय रत्तन, भवानी सिंह पठानिया और कमलेश ठाकुर को शामिल किया गया है।
इन समितियों का उद्देश्य नगर निगम चुनावों में संगठन को मजबूत करना, उम्मीदवार चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
