गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चमोली प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
यात्रा को सुगम, सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार बदरीनाथ धाम में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार सुबह अधिकारियों के साथ अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
इसके उपरांत कोतवाली बदरीनाथ में तैनात होमगार्ड के जवानों को जैकेट वितरित किए। साथ ही निर्देशित किया कि पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहें। पहली बार वीवीआइपी ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया।
उन्हें अनुशासन एवं सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
ब्रह्म कपाल क्षेत्र एवं मंदिर दर्शन के लिए लग रही श्रद्धालुओं की कतारों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के व्यवस्थापन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जूता काउंटर, मोबाइल काउंटर, मंदिर परिसर के भीतर माइक व्यवस्था तथा लाइन प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाए।
डीएम एवं एसपी ने भोजनालय का निरीक्षण किया, जहां ड्यूटी में तैनात जवानों के भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया। तीर्थयात्रियों से यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अपने सुझाव भी साझा किए।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक भावना कैन्थोला, पुलिस उपाधीक्षक होशियार सिंह पंखोली व अन्य मौजूद रहे।
