देहरादून। उत्तराखंड में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को ऊधम सिंह नगर जिले के पुलभट्टा थाना क्षेत्र से दबोचा गया, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह तमंचे (.315 बोर), एक 12 बोर राइफल और .32 बोर के दो खोखे कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था और एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर अवैध हथियारों की तस्करी की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि विशेष टीम का गठन कर थाना पुलभट्टा पुलिस के सहयोग से आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह वैगनआर कार में हथियारों की खेप लेकर जा रहा था। बरामद हथियारों के बारे में आशंका है कि इन्हें उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्रियों में तैयार किया गया है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड एसटीएफ इस वर्ष अब तक 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद कर आठ तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो इस बात का संकेत है कि पुलिस अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार सख्ती से प्रहार कर रही है।
ज्ञातब्य हो कि हाल ही में देहरादून में दो पक्षों के विवाद के दौरान एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से हुई मौत ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अवैध हथियारों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसी के बाद से पुलिस और खुफिया एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।
फिलहाल एसटीएफ आरोपी से गहन पूछताछ में जुटी है, ताकि इस अंतर्राज्यीय गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
बरामदगीः-
06 तमंचे 315 बोर
01 राइफल 12 बोर
02 खोखा कारतूस .32 बोर
01 वाहन वैगनआर कार
टीम में उत्तराखण्ड STF. निरीक्षक एमपी सिंह. निरीक्षक दीवान सिंह जलाल. उ.नि. जगदीप नेगी. उ0नि0 प्रकाश भगत. हे.कानि. गोविन्द बिष्ट. हे.का. रियाज अख्तर. हे.का. मोहित वर्मा. हे.कानि. गुरवंत सिंह, थाना पुलभट्टा टीम.उ0नि0 प्रदीप मिश्रा एसओ. उ0नि0 दिनेश भट्ट. अ0उ0नि0 प्रकाश चन्द्र. कानि0 गजेन्द्र सिंह आदि शामिल रहें।
