मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में सभी संकाय पढ़ाए जाएंगे। इन स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले बढ़ने पर मुख्यमंत्री ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। चयनित 151 सीबीएसई पाठ्यक्रम वाले स्कूलों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने के लिए यह फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी स्कूलों में मेडिकल, नॉन-मेडिकल,कला और कॉमर्स संकाय शुरू किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग के अनुसार सीबीएसई पैटर्न लागू होने के बाद कई स्कूलों में छात्र नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। चंबा जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ में 90.24 औ मंडी के जंजैहली में 90.43 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। किन्नौर के रिकांगपिओ में 50.50, शिमला के नेरवा में 52.22 और घणाहट्टी में 26.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा लाहौल-स्पीति के काजा में 23.40, ठियोग में 16.19, सिरमौर के नौहराधार में 29.69 और शिमला के चौपाल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 28.16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
अन्य स्थानों पर भी विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में देश में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
