हसनपुर। रिश्ते के कत्ल की नृशंस हत्या की बात सुनकर न केवल लोगों का कलेजा कांप उठा। बल्कि, 18 वर्ष पुराने बावनखेड़ी नरसंहार की याद भी ताजा हो गई। वहां, परिवार की इकलौती बेटी शबनम ने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर परिवार के सात लोगों की इसी तरह से कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या की थी।
यहां, आरोप पत्नी पर प्रेमी के साथ पति की हत्या कर खुद सुहाग मिटाने का है। हैरत की बात तो यह है कि रूही हत्या कराने के बाद रातभर पति के शव के पास ही सोती रही।
रिश्ते के कत्ल की बात सुनकर कांप उठा लोगों का कलेजा
गंगा तटबंध किनारे के पिपलौती कला गांव के लोगों को रविवार सुबह दिन निकलते सीधे स्वभाव के राजमिस्त्री मेहराज अली की हत्या की ऐसी खबर मिली कि लोग सुनकर न केवल हैरान रह गए बल्कि अपने रोजमर्रा के कामकाज को भूलकर पहले मृतक के घर पहुंच गए। धारदार हथियार से रेता हुआ गला, हाथ पैर व पेट तथा चारपाई के नीचे व बरामद में बहता खून देखकर लोगों की रूह कांप उठी।
मासूम बाप का साया सिर से उठने से अंजान
पिपलौती कला गांव में यूं तो पहले भी काफी हत्याएं हुई हैं लेकिन, इस तरह की हत्या नहीं देखी। इससे भी ज्यादा दुखी लोग उस समय हो गए जब हत्या का आरोप राजमिस्त्री के पिता ने उसकी पत्नी पर लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करा दी। रिश्ते के कत्ल की बात सुनकर लोग दांतों तले अंगुली दबा गए।
दूध में नशा करने वाली गोलियां खिलाकर दीं
खास बात यह है कि जिस तरह परिवार का नरसंहार करने से पहले दूध में नशा करने के लिए गोलियां खिलाकर उन्हें गहरी नींद में सुलाया था, ठीक उसी तरह से यहां पर पति की हत्या कराने से पहले उसे खाने में नशीली गोली देकर नशा कराने की चर्चा लोगों की जुबान पर है। इसके अलावा रूही पति की हत्या कराने के बाद रातभर पति के शव के पास दोनों बच्चों को लेकर सोती रही। सुबह को भी जब ससुर मोमीन वहां पहुंचे तो वह बच्चों के साथ रो रही थी।
चाची ने पाल-पोस कर बड़ा किया था मेहराज
राजमिस्त्री महराज अली अपने पिता मोमीन अहमद का इकलौते बेटा था। बचपन में ही उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। मां की मृत्यु के बाद चाची इसरेमीन ने उसका पालन पोषण किया था। छह साल पहले शादी होने के बाद महराज अली के दो बेटे फरमान चार वर्ष तथा अली तीन वर्ष हैं। बताया जा रहा है कि रात दो चारपाइयों पर पूरा परिवार एक ही मच्छरदानी लगाकर सोया था। पति-पत्नी में मनमुटाव के चलते पति चार दिन से खाना भी अपनी चाची इसरेमीन के यहां खा रहा था।
रूही की बड़ी बहन का देवर है फरमान
हसनपुर: शादी के बाद दो बच्चों की मां बनने के बावजूद भी पत्नी ने शादी से पहले शुरू हुआ प्रेम प्रसंग शादी के बाद भी चलता रहा। दरअसल रूही की बड़ी बहन की शादी भी मृतक मेहराज के तहेरे भाई से हुई है। शादी से पहले ही उसका प्रेम प्रसंग बहन के देवर फरमान से शुरू हो गया था। वह शादी प्रेमी से ही करना चाहती थी। लेकिन, स्वजन ने उसकी शादी मेहराज से करा दी थी। उसके बाद भी दोनों का प्रेम प्रसंग चलता रहा। जिसका नतीजा आज हत्या के रूप में सामने आया।
घटना स्थल पर बने थे खून से सने जूतों के निशान
हसनपुर। जिस चारपाई पर मेहराज का शव पड़ा था उसके नीचे खून था। घटना स्थल को देखने पर प्रतीत होता है कि हत्या करने के बाद आरोपितों ने शव को उठा कर साइड बदली थी। क्योंकि अमूमन सभी लोग चारपाई के सिरहाने की तरफ सिर रख कर सोते हैं। जबकि मेहराज का सिर सिरहाने की तरफ नहीं था। वहीं चारपाई के नीचे पड़े खून के पास ही जूतों के निशान भी बने थे। वह निशान खून में सने हुए थे। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह जूतों के निशान हत्यारोपितों के हैं।
