हरिद्वार। उत्तराखंड में महावीर जयंती के सार्वजनिक अवकाश को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश जारी करते हुए अवकाश की तिथि में संशोधन कर दिया है, जिससे सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों के लिए नई तारीख लागू होगी।
जारी आदेश के अनुसार अब महावीर जयंती का सार्वजनिक अवकाश 31 मार्च 2026 के स्थान पर 30 मार्च 2026 (सोमवार) को रहेगा। यह बदलाव उत्तराखंड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, देहरादून द्वारा 20 मार्च 2026 को जारी संशोधित आदेश के आधार पर किया गया है।
पूर्व में 24 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के तहत महावीर जयंती की छुट्टी 31 मार्च को घोषित की गई थी, लेकिन अब शासन स्तर पर संशोधन करते हुए इसे एक दिन पहले कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को जनपद के सभी शासकीय और अर्धशासकीय कार्यालय पूर्व की भांति खुले रहेंगे और नियमित कार्य संपादित किए जाएंगे।
