गोरखपुर। जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना ‘साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क आफ इंडिया (एसटीपीआइ)’ का लोकार्पण 26 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने एसटीपीआइ और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
यह साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क उत्तर प्रदेश सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत टियर-2 शहरों में आइटी सेक्टर को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से गोरखपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गीडा के सेक्टर-7 में करीब 14,500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्थापित यह अत्याधुनिक आइटी पार्क लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। करीब 3.5 एकड़ में फैले इस परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जो आइटी, आइटीईएस, बीपीओ और स्टार्टअप कंपनियों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा।
इस सॉफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी, अत्याधुनिक डेटा नेटवर्क और इनक्यूबेशन स्पेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों के अनुसार, यहां कुल 36 इकाइयों के स्थापित होने की योजना है, जिससे लगभग 15 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। यह परियोजना पूर्वांचल के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर करियर विकल्प उपलब्ध कराएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि 26 मार्च को लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वह स्टार्टअप उद्यमियों और संभावित निवेशकों के साथ संवाद करेंगे, जिससे क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
