चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही करीब एक सप्ताह के अवकाश के बाद आज सोमवार को फिर शुरू होगी। प्रश्नकाल में जहां खेल और स्टेडियमों की खस्ताहाल पर विधायक सरकार को घेरते नजर आएंगे।
वहीं, इसके बाद विधानसभा कमेटियां सदन में बजट पर अपनी रिपोर्ट रखेंगी। इस दौरान सिलिंडर किल्लत के बीच राशन डिपो संचालकों का कमीशन बढ़ाने का मुद्दा भी उठेगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दो मार्च को सदन में बजट पेश किया था, जिस पर सदन में चर्चा शुरू हो चुकी है। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधायकों की आठ स्टैंडिंग कमेटियां बनाई हुईं हैं, जिन्हें नौ मार्च को सदन की कार्यवाही के अंतिम दिन बजट पर मंथन करने, सुझाव देने तथा संशोधन की सिफारिशों के अधिकार दिए गए थे।
पिछले पांच दिन से सभी कमेटियों द्वारा बजट पर अपने अपने विभाग की मदों के अनुसार मंथन किया गया है। कमेटियों की तरफ से सोमवार को सदन में अपनी रिपोर्ट रखी जाएगी।
बाईपास और टूटी सड़कों के मुद्दे पर माहौल गरमाने के आसार
विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। प्रश्नकाल के दौरान माननीयों की ओर से नायब सरकार पर तीखे सवाल भी दागे जाएंगे, जिससे माहौल गरमाने के आसार हैं। प्रश्नकाल के दौरान शहरों में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए बाईपास और टूटी सडक़ों के मुद्दे पर माहौल गरमाने के आसार हैं।
एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच सरकार की ओर से कैरोसीन तेल की सप्लाई करने का फैसला गया है। ऐसे में डिपो संचालकों का कमीशन बढ़ाने का मुद्दा भी सदन में उठेगा।
प्रश्नकाल की शुरुआत सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम के सवाल के साथ होगी, जिन्होंने लोकनिर्माण मंत्री से शहर में बाईपास बनाने पर जवाब मांगा है।
महम के विधायक बलराम दांगी, रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्रा, कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला खेल स्टेडियमों और सुविधाओं की बदहाली के मुद्दे पर सरकार घेरेंगे।
बलराम दांगी ने खेल राज्यमंत्री से जवाब मांगा है कि महम विधानसभा क्षेत्र के गांव मोखरा में साक्षी मलिक स्टेडियम में आवश्यक आधुनिक खेल अवसंरचना, उचित रखरखाव तथा स्रोतों का अभाव है, जिसके कारण स्थानीय एथलीटों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेडियम के सौंदर्यीकरण तथा आधुनिकीकरण करने के लिए सरकार की क्या योजना है। बीबी बतरा ने पूछा है कि सरकार द्वारा पंडित लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय रोहतक तथा राजीव गांधी स्टेडियमों के सामने सड़क पर मेहराब आकार के स्तंभ के निर्माण सहित के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार द्वारा क्या कोई बजट का प्रविधान किया गया है।
सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री से राशन डिपो धारकों का कमीशन बढ़ाने बारे जवाब मांगा है।
सडक़ों का मुद्दा फिर उठेगा
हथीन के विधायक मोहम्मद इसराईल ने दिल्ली-मथुरा सडक़ को पलवल शुगर मिल से जोडऩे पर जवाब मांगा है। गुहला विधायक देवेंद्र हंस बाइपास निर्माण का मुद्दा उठाएंगे।
समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने आट्टा बाइपास का निर्माण कब तक पूरा होने और यूपी के छपरौली से समालखा तक यमुना नदी पर बनाए जा रहे पुल पर यातायात कब तक शुरू होने को लेकर सवाल पूछा है।
