ईरान और इज़रायल व अमेरिका के बीच छिड़े युद्ध के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश में अलविदा की नमाज़ पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस संबंध में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, पुलिस कमिश्नरों और आईजी व एडीजी को निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि अलविदा की नमाज़ के दौरान पूरी तरह सतर्कता बरती जाए। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नमाज़ के बाद किसी को भी अनाधिकृत रूप से एक जगह एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी। वहीं लखनऊ में ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
दरअसल, डीजीपी राजीव ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर नज़र रखने को कहा गया है। इस संबंध में यूपी एसटीएफ के अलावा अन्य खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अराजकतत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश हैं।
ड्रोन से कड़ी निगरानी के बीच अलविदा की नमाज आज
राजधानी लखनऊ ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फित्र और अलविदा की तैयारियों के सिलसिले में ईदगाह कमेटी, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और जिला व पुलिस प्रशासन की बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों, उलमा समेत अन्य ने शिरकत की। ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि अलविदा की नमाज शुक्रवार को अदा की जाएगी। ऐसे में नगर निगम सभी मस्जिदों के पास सफाई का विशेष ध्यान रखे। जामा मस्जिद ईदगाह लखनऊ में अलविदा की नमाज शुक्रवार को 12:45 बजे अदा की जाएगी। वहीं, पुलिस प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन से निगरानी करेगा।
मौलाना महली ने कहीं ये बातें
ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि रमजानुल मुबारक के रोजों के पूरे होने पर ईद-उल-फित्र खुशी और जश्न के साथ मनाया जाता है। यह मुसलमानों का ऐसा त्योहार है, जिसमें अन्य धर्मों के अनुयायी भी शरीक होकर खुशियां बांटते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन के अफसरों से कहा कि वह ईद की नमाज अदा करने वालों को अधिक सुविधाएं मुहैया कराएं। मौलाना ने कहा कि ईद का चांद 19 मार्च को देखा जाएगा। यदि चांद दिख गया तो 20 मार्च को, अन्यथा 21 मार्च को पूरे देश में ईद मनाई जाएगी। इसलिए इर्दगाह मैदान और आसपास में विशेष सफाई कराई जाए।
