शिमला। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 31 मार्च तक आरक्षण रोस्टर लागू करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाए।
मंगलवार को निर्वाचन आयुक्त ने शहरी विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नई पंचायतों के गठन के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
खाची ने कहा कि नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित सरकारी विभाग न्यायालय के आदेशों के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य सुनिश्चित करें, जिससे आगामी चुनाव प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
बैठक में 21 नए नगर निकायों के चुनावों पर भी चर्चा हुई, हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया और तैयारियों की जानकारी राज्य चुनाव आयुक्त को दी।
