करनाल। हरियाणा सरकार ने करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में रिहायशी सेक्टर विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत करीब 329 एकड़ भूमि को करनाल संपदा कार्यालय के नियोजित रिहायशी सेक्टरों के लिए खरीदा जाएगा।
यह भूमि घरौंडा के सेक्टर-1, 2, 7, 8 और 9 में प्रस्तावित विकास योजना के अंतर्गत ली जाएगी। भूमि खरीद की यह प्रक्रिया हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके जरिए इच्छुक भूमि मालिक अपनी जमीन सरकार को बेचने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इस योजना के बारे में लोगों को जानकारी देने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए 11 मार्च को सुबह 10 बजे घरौंडा के सेक्टर-9 स्थित क्राउन सिटी में एक विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में अधिकारी जमीन खरीद की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और पोर्टल पर आवेदन करने की जानकारी देंगे।
प्रशासन की ओर से घरौंडा क्षेत्र के सभी भूमि मालिकों से अपील की गई है कि वे इस कैंप में पहुंचकर अपनी जमीन से संबंधित जानकारी प्राप्त करें और सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का लाभ उठाएं।
