चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद जिले के सफीदों में स्थित रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में अब तक छह महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं।
मुख्यमंत्री ने दुखद हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के स्वजन को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को अस्पताल में बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
