पंजाब में भगवंत मान सरकार ने आज वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बजट पेश किया। पंजाब के इस बजट में महिलाओं की बल्ले-बल्ले हो गई है। हर महीने 1000 रुपये मिलने को लेकर महिलाओं का लंबा इंतजार आखिर आज खत्म हो गया। भगवंत सरकार ने बजट में ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का ऐलान किया है। इसके तहत पंजाब की 18 साल से ऊपर जनरल वर्ग की सभी पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे। जबकि अनुसूचित जाती यानि SC वर्ग की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। पैसे सीधे बैंक खाते में आया करेंगे।
‘इंटरनेशनल वुमन्स डे’ पर महिलाओं को बड़ा तोहफा
आज ‘इंटरनेशनल वुमन्स डे’ भी है और इस खास दिन पर पंजाब के बजट में महिलाओं को बड़ा तोहफा भगवंत मान सरकार ने दिया है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बजट पेश करते हुए जब ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का ऐलान किया तो विधानसभा सदन जोरदार थपकियों से गूंज उठा। सदन में भगवान मान, केजरीवाल और पंजाब सरकार जिंदाबाद के नारे लगे। वहीं सीएम मान ने कहा कि आज पंजाब के लिए एतिहासिक दिन है और हमने अपनी बड़ी गारंटी पूरी की है। सीएम मान ने कहा कि महिलाओं के बिना न तो घर चल सकते हैं और न दी देश। इसलिए महिलाओं का खुद पर निर्भर होना जरूरी है। इस योजना से पंजाब में महिलाएं आर्थिक तौर खुद आगे बढ़ सकेंगी।
कौन सी महिलाएं इस योजना से बाहर
बता दें कि पंजाब सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के दायरे से कुछ महिलाओं को बाहर भी रखा है। जो इस योजना की लाभार्थी नहीं बन सकेंगी। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने जानकारी दी है कि मौजूदा या पूर्व व अस्थायी सरकारी कर्मचारी, सांसद, विधायक और इनकम टैक्स भरने वाली महिलाएं इस योजना की पात्र नहीं होंगी। लेकिन वो महिलाएं इसके पात्र होंगी जो मौजूदा समय में अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहीं हैं। चीमा ने कहा कि 18 साल से ऊपर की पंजाब की 97% महिलाएं इस योजना के दायरे में आएंगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें घरेलू फैसलों में आगे बढ़ाना है। ये नारी सशक्तिकरण और उनके मान-सम्मान की दिशा में एक अहम कदम है।
AAP का प्रमुख चुनावी वादा हुआ पूरा
ज्ञात रहे कि यह AAP का प्रमुख चुनावी वादा था, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में किया गया था। आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के लगभग चार साल से ज्यादा समय तक महिलाएं इस वादे के पूरा होना का इंतजार करती रहीं। दरअसल विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने खुद पंजाब की महिलाओं से वादा किया था की आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर राज्य में 18 साल से ऊपर हर महिला को 1000 रुपये हर महीने मिलेंगे। अगर एक परिवार में एक बेटी है, एक बहू है, एक सास है तो तीनों के अकाउंट में 1-1 हजार रुपए आएंगे। केजरीवाल ने कहा था की इस कदम से महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्तिकरण होगा। अगर उनके पास पैसे होंगे तो वो अपने मन का कुछ कर पाएंगी।
CM मान ने कहा था- आगामी बजट में पूरा होगा वादा
पिछले दिनों सीएम भगवंत मान ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि मांगे तो कभी खत्म नहीं होनी चाहिए। तरक्की के लिए मांगे रखनी चाहिए। लेकिन आम तौर पर इस समय पंजाब में एक सबसे बड़ी मांग माताओं-बहनों की है। वो कई बार जब मुझसे मिलती हैं तो सर पर हाथ फेरने के साथ ही धीरे से 1000 वाले वादे को भी पूछ लेती हैं। इसलिए पंजाब का जो अगला बजट सेशन आयेगा, उसमें पंजाब की माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये शगुन देने वाला वादा पूरा कर दिया जाएगा। सीएम का कहना था कि कोई ऐसा वादा नहीं रहेगा जो हमने किया और पूरा नहीं कर रहे हैं। बल्कि हमने जिन कामों के वादे नहीं भी किए वो काम भी कर रहे हैं।
