नाहन। जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की। हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के लिए पुलिस में सब इंस्पेक्टर की विशेष भर्ती आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में क्लास 3 श्रेणी की नौकरियों में महिलाओं को 25 प्रतिशत कोटा आरक्षित किया जाएगा।
महिला सम्मान राशि दोगुनी की
इसके साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा महिलाओं को जो महिला सम्मान राशि प्रदान की जाती है। वह 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने की घोषणा की।
12 में से तीन जिलों की डीसी महिलाएं, लाहुल में मुख्य पदों पर नारी
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में से तीन जिलों की डीसी महिलाएं हैं। जिसमें सिरमौर, हमीरपुर व लाहुल स्पीति जिला शामिल है। देश में क्षेत्रफल की दृष्टि से दूसरे सबसे बड़े जिला लाहुल स्पीति में तो डीसी, एसपी व एडीएम सभी महिलाएं हैं। महिलाएं परिवार के साथ-साथ प्रशासन में भी बेहतर समाजस्य स्थापित कर सरकार चलाने में सहायता कर रही हैं।
कई विभागों की निदेशक तथा सह निदेशक भी महिला अधिकारी हैं। देश में सबसे अधिक शिक्षित महिलाएं हिमाचल प्रदेश में हैं।
नाहन कॉलेज में एमएससी कक्षाएं होंगी शुरू
साथ ही एनएसयूआई के छात्रों की मांग पर पीजी कॉलेज नाहन में विभिन्न विषयों में एमएससी कक्षाएं आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले बजट में महिलाओं के लिए कई घोषणाएं होगी।
नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़
मुख्यमंत्री ने नाहन मेडिकल कॉलेज को 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की तथा नए स्थान पर चिह्नित स्थान पर निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
महिला पुलिस कर्मियों की टुकड़ी ने दी मुख्यमंत्री को सलामी
मुख्यमंत्री सुक्खू को नाहन में महिला पुलिस कर्मियों की विशेष टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सलामी दी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला सिरमौर पुलिस द्वारा विशेष तौर से महिला पुलिस टुकड़ी को मुख्यमंत्री के लिए गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए तैनात किया था।
महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए प्रस्तुत किए वन एक्ट प्ले
महिला दिवस के अवसर पर नाहन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज नाहन की छात्राओं और पुलिस विभाग की टीम ने वन एक्ट प्ले प्रस्तुत किए। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं तथा हिमाचल पुलिस की टीम ने अपने वन एक्ट प्ले में दिखाया कि पूर्व के समय में बेटियों को क्यों नहीं पढ़ाया जाता था। बेटियों को क्यों अभिशाप समझा जाता था। इस पर मार्मिक नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
