चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को समर्पित एक विशेष पहल के तहत रविवार को सभी जिलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिलाएं रक्तदान करेंगी। वहीं, सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे।
हरियाणा राज्य रक्त संचरण परिषद तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी लाइसेंस प्राप्त रक्त केंद्रों, जिला नागरिक अस्पतालों और निजी रक्त केंद्रों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। परिषद की परियोजना निदेशक डा. मुक्ता कुमार ने बताया कि रक्तदान शिविरों में महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे। रक्तदानी महिला में हीमोग्लोबिन स्तर 12.5 या इससे अधिक होना चाहिए।
उधर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के गौरवशाली 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय सिरसा में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि होंगे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही महिला सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा।
