शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम शिमला में घटित हालिया सियासी घटनाक्रम और प्रशासनिक उथल-पुथल पर सरकार और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। जयराम ने यहां जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री अपनी मित्र मंडली को एडजस्ट करने के मोह में लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
अपने एक खास मित्र को लंबे समय तक सत्ता में एडजस्ट करने और उन्हें सत्तासुख दिलाने की खातिर पहले तो लोकतांत्रिक ढांचे का गला घोंटते हुए संविधान की धज्जियां उड़ाईं और अब मनमाने ढंग से नगर निगम की कार्यवाही को संचालित कर रहे हैं।
जयराम ने कहा कि नगर निगम शिमला में जो घटित हो रहा है, वह न केवल अलोकतांत्रिक है बल्कि जनमत का अपमान है। भाजपा पार्षदों को जिस अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक तरीके से सदन से बाहर निकाला वह इस बात का प्रमाण है कि सरकार विपक्ष की तार्किक आवाज और जनता के सवालों से भयभीत है। नेता प्रतिपक्ष ने इस कदम को असंवैधानिक करार देते हुए कहा कि भाजपा इस प्रकार की दमनकारी नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
