हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को जिला हमीरपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर करीब 12:20 बजे एनआईटी के हैलिपैड पर पहुंचेंगे और वहां से सीधे जोल सप्पड़ के लिए रवाना होंगे।
जोल सप्पड़ में मुख्यमंत्री डॉ राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के निर्माणाधीन नए परिसर का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक व अस्पताल भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों और फैकल्टी सदस्यों के साथ बैठक कर परियोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीसी गंधर्व राठौर ने सभी अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम करीब सवा चार बजे हमीरपुर से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
