चंडीगढ़। मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन ने हरियाणा के मीडिया कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा मुहैया कराने का अहम निर्णय लिया है। हरियाणा सरकार ने भी करीब नौ साल पहले से यह घोषणा कर रखी है।
मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि पत्रकारों के लिए 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस एवं एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पालिसी अलग से करवाई गई है।
इन पालिसियों के औपचारिक वितरण समारोह में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को आमंत्रित किया है। यह कार्यक्रम रेड बिशप पंचकूला में आयोजित होगा, जिसमें पत्रकार कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा पर संगोष्ठी भी होगी।
चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि हरियाणा के सैकड़ों पत्रकारों को 10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पालिसी मिलेगी, जो उनकी असामयिक मृत्यु की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहारा प्रदान करेगी।
इसी प्रकार 10 लाख रुपये की एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पालिसी दुर्घटना में घायल होने या मृत्यु होने की स्थिति में परिवार को मजबूत सुरक्षा कवच देगी। उन्होंने बताया कि अगले दस दिनों के भीतर पत्रकारों के हाथों में पहली बार कैशलेस हेल्थ पालिसी होगी।
