चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा, “कल बण जाण, भावें अज्ज बण जाण, अदालतां दा ओथे रब राखा, जित्थे मुलाकाती ही जज बण जाण।
इसका मतलब है – चाहे वे कल बनें या आज, भगवान ही अदालतों के रक्षक हैं, जहां सिर्फ मुलाकाती ही जज बनते हैं।
दरअसल, डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सोमवार को ही आय से अधिक संपित्त केस में नाभा जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए दो महत्वपूर्ण बातें कहीं। पहली, अपनी इस मुलाकात को रिश्तेदार से मिलना बताया। दूसरा उन्होंने बिक्रम मजीठिया पर सरकार की ओर से लगाए गए आरोपों को झूठा बताया।
गौरतलब है कि बिक्रम मजीठिया डेरा प्रमुख के नजदीकी रिश्तेदार हैं। मुख्यमंत्री की यह पोस्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि डेरा ब्यास का देश भर में अच्छा आधार है। डेरे को अनुयायियों का भारी समर्थन है। उधर, मुख्यमंत्री की इस पोस्ट पर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने भी आलोचना की है।
