जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज यानी शुक्रवार को जालंधर के पीएपी ग्राउंड में एससी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित करने पहुंचे। इस दौरान सीएम मान ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान किए। राज्य के ढाई लाख से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करने की शुरुआत हुई।
सीएम मान ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना है। वर्ष 2020-21 की तुलना में अब 2024-25 में छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है। हमारा प्रयास है कि पैसों की कमी के कारण कोई भी बच्चा ना तो शिक्षा से वंचित रहे और ना ही अपने सपनों से।
अपना सपना पूरा कर सकेंगे छात्र
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को जालंधर के पीएपी ग्राउंड में छात्रों को प्रशंसा पत्र देते हुए कहा कि आप सरकार ने पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के 14 हजार करोड़ रखे हैं। पहले स्कूल कॉलेजों को स्कॉलरशिप के पैसे न मिलने कारण छात्रों की डिग्रियां वहीं पड़ी रहती थीं। अब सरकार ने एससी छात्रों को प मैट्रिक स्कॉलरशिप देकर उनके सपनों को उड़ान दी है। इससे छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने का सपना पूरा कर सकेंगे।
पांच जिलों के दस हजार छात्रों को स्कॉलरशिप योजना के लाभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा स्कॉलरशिप सीधा छात्रों के खाते में जा रही है। पिछले तीन वर्षों में राज्य के 10 लाख एससी छात्रों को स्कॉलरशिप दी गई है। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी के कारण किसी एससी छात्र की पढ़ाई नहीं रुकेगी। सरकार ने एससी छात्रों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए।
सरकार ने एडवोकेट एंगेजमेंट एक्ट प्रस्तावित किया है और इस एक्ट के तहत एडवोकेट अटॉर्नी जनरल और पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के आफिस में एससी समुदायों के लिए रोजगार के अवसरों में आरक्षण लाया गया है। अब इस एक्ट के तहत एससी समुदायों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।
एससी छात्रों को मिली नौकरी
मुख्यमंत्री से पहले पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन में इस योजना के तहत चोरी और घोटाले किए और कांग्रेस पार्टी ने इस योजना का 64 करोड़ रुपये तक का घोटाला किया। अभी आप सरकार के तहत 60,000 नौकरियां हैं और 15,000 से ज़्यादा नौकरियां एससी छात्रों को दी गई हैं।
पंजाब के 75 साल के इतिहास में भगवंत मान ने एससी समुदाय के लिए 14,000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। डेरा बल्लां के पास फरीदपुर गांव में 10 एकड़ ज़मीन खरीदी गई है और श्री गुरु रविदास जी सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा।
