देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद बागेश्वर के तीन मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन को अनुमोदन प्रदान किया है। यह निर्णय क्षेत्रीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के सम्मान में लिया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, बागेश्वर जिले के काण्डे–थपलिया मोटर मार्ग का नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम सिंह गडिया मोटर मार्ग किया गया है।
वहीं करूली बैण्ड से गाजली बिजौरिया मोटर मार्ग को अब शहीद स्व. रामदत्त पाण्डेय मोटर मार्ग के नाम से जाना जाएगा। इसके अतिरिक्त बिलखेत–गैराड़ मोटर मार्ग (कलनाबैण्ड– पंतक्वैराली मोटर मार्ग) का नाम परिवर्तन कर स्व. श्री हीरा सिंह धपोला मोटर मार्ग किए जाने को भी स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नाम परिवर्तनों से क्षेत्र के महापुरुषों और शहीदों के योगदान को सम्मान मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान और सेवा भावना से प्रेरणा प्राप्त होगी।
