लुधियाना। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने लुधियाना स्थित श्री भैणी साहिब में सतगुरु राम सिंह जी के 210वें प्रकाश पर्व पर शिरकत की। यह धार्मिक आयोजन सतगुरु उदय सिंह की पावन उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान सीएम ने कूका आंदोलन और नामधारी समाज के बलिदानों की सराहना की।
नामधारी परिवार की मांग पर, सीएम नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सतगुरु राम सिंह जी के नाम पर विशेष चेयर स्थापित करने का आश्वासन दिया। सैनी ने पंजाब सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना और कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी की।
सीएम नायब सिंह सैनी ने सतगुरु राम सिंह जी को स्मरण करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए कूका आंदोलन और नामधारी समाज द्वारा दी गई कुर्बानियां अतुलनीय हैं। इस दौरान नामधारी परिवार की ओर से मुख्यमंत्री के सामने सतगुरु राम सिंह जी के नाम पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक विशेष चेयर स्थापित करने की मांग रखी गई। मुख्यमंत्री सैनी ने लिखित प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया।
पंजाब में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले चार वर्षों से यहां की सरकार द्वारा कोई ठोस कार्य नहीं किया गया। अब पंजाब के लोगों को भ्रमित करने के लिए ऐसी योजनाओं की घोषणा की जा रही है। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल, साहनेवाल क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता पवन कुमार (पूर्व जिला अध्यक्ष), निशु शर्मा (समराला), हीरा सिंह अमरगढ़, मनमीत सिंह चावला, पिंकू शर्मा (काउंसलर), रशपाल सिंह साहनेवाल, संदीप ठाकुर तथा विनय कुमार (मंडल अध्यक्ष) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
