हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘ध्वज वंदन समारोह’ में सहभागिता की।
यह कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज के तत्वावधान में गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा एवं अखण्ड दीपक के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह शताब्दी समारोह माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता की भावात्मक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि माताजी का जीवन त्याग, बलिदान और साधना की वह ज्योति है, जिसने असंख्य जीवनों को सही दिशा और नई दृष्टि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गायत्री परिवार किसी एक संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि यह व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उत्थान की युग चेतना का प्रवाह है।
देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक चेतना का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल भारत की आत्मा की धड़कन हैं। ऐसे पावन वातावरण में आयोजित यह शताब्दी समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार और साधना परंपरा के नवजागरण का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है, सख्त दंगारोधी एवं धर्मांतरण कानून लाए गए हैं और 10 हजार एकड़ से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सेवा, साधना और संस्कार का यह त्रिवेणी संगम नवयुग निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि महान सभ्यताओं का निर्माण सामूहिक चरित्र निर्माण से ही संभव है और जनशताब्दी समारोह इसी चेतना को जाग्रत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन किसी वैराग्यपूर्ण एकांत तपोभूमि का नहीं, बल्कि युगऋषि पूज्य आचार्यश्री का “खोया-पाया विभाग” है, जहाँ व्यक्ति स्वयं को और अपने दायित्व को पुनः खोजता है। उन्होंने आत्मपरिवर्तन को सामाजिक परिवर्तन की पहली शर्त बताते हुए समाज परिवर्तन का संदेश दिया।
समारोह में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक राजेश्वर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश परविन्दर सिंह, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, स्वामी सम्पूर्णानंद जी, स्वामी वेलु बापू जी, के नारायण राव, रमेश भट्ट, दिनेश काण्डपाल, आचार्य डॉ. दयाशंकर विद्यालंकार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को शांतिकुंज का प्रतीक चिह्न, गंगाजली, रुद्राक्ष माला एवं युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
राजा दक्ष की नगरी कनखल के वैरागी द्वीप पर श्रद्धामय वातावरण में शताब्दी ध्वज फहराया गया। यह शताब्दी समारोह 23 जनवरी तक चलेगा।
कार्यक्रम में विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, दायित्वधारी श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
