देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देशानुसार आज “Safe Drugs: Safe Life” अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून एवं ड्रग विभाग द्वारा रायपुर क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
इस निरीक्षण का नेतृत्व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून सीमा डुँगराकोटी द्वारा किया गया। निरीक्षण टीम में ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन से वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मनेन्द्र सिंह राणा एवं औषधि निरीक्षक विनोद जगुडी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, कोल्ड स्टोरेज सुविधा, एक्सपायर दवाइयों का भंडारण व निपटान प्रक्रिया तथा नारकोटिक दवाओं से संबंधित नियमों की गहन जांच की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कोठारी मेडिकल स्टोर, चक्की नंबर-4, रायपुर चौक में फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए। स्टोर में अत्यधिक अव्यवस्था, फ्रिज में तापमान डिस्प्ले का अभाव, रैक पर एक्सपायर व कटी हुई दवाइयां तथा नारकोटिक दवाओं के अव्यवस्थित भंडारण की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। नारकोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। अनियमितताओं को देखते हुए स्टोर को तत्काल बंद कर दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
गिरी मेडिकोज, रायपुर चौक में फार्मासिस्ट की अनियमित उपस्थिति, फ्रिज में तापमान डिस्प्ले का अभाव, एक्सपायर दवाओं के अनुचित निपटान एवं कटी हुई दवाइयों की मौजूदगी पाई गई। स्टोर को बंद कर अनियमितताओं के निराकरण एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
देवभूमि मेडिकोज, महाराणा प्रताप चौक में लाइसेंसधारी व नामित फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए। स्टोर में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे तथा एक्सपायर दवाओं के भंडारण की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। अनियमितताओं के चलते स्टोर को बंद कराया गया।
सिद्धेश्वरी मेडिकोज, डोभाल चौक, नेहरूग्राम में पूर्व में दिए गए निर्देशों का आंशिक अनुपालन पाया गया। फ्रिज में तापमान डिस्प्ले नहीं लगाया गया था। सभी अनियमितताओं को पूर्ण रूप से दूर करने के बाद ही स्टोर खोलने के निर्देश देते हुए स्टोर बंद रखा गया।
एम.एस. मेडिकल हॉल, नेहरूग्राम में फार्मासिस्ट उपस्थित पाए गए। स्टोर में सीसीटीवी कैमरे, फ्रिज में तापमान डिस्प्ले तथा एक्सपायर दवाओं का उचित भंडारण पाया गया। कुछ ही दवाएं एक्सपायर मिलीं। टीम द्वारा साफ-सफाई एवं लाइसेंस शर्तों के पालन के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि रायपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने निरीक्षण की सूचना मिलते ही अपने स्टोर बंद कर दिए, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर संदेह उत्पन्न हुआ है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा प्रत्येक माह ड्रग विभाग के साथ इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते हैं, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
