जालंधर। जालंधर के मकसूदां मंडी के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनी जेप्टो के डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय उज्जवल के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

मिली जानकारी के अनुसार उज्जवल दोपहिया वाहन पर डिलीवरी देकर वापस लौट रहा था। वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर जाने की तैयारी में था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि उज्जवल सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए।

बताया जा रहा है कि ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रक चालक पुलिस की हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही थाना एक की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एएसआई शाम लाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती न होने को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि मकसूदां मंडी के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन और निगरानी पर्याप्त नहीं है।

ट्रक चालक पर लापरवाही का लगा आरोप

कई लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते सड़क हादसों और युवा डिलीवरी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।