उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) केशव प्रसाद मौर्य की मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को लेकर सियासी गलियारों में लंबे समय से अटकलें लगती रही हैं लेकिन आज तक कभी इस पर खुलकर कोई बात सामने नहीं आई। पहली बार एक निजी चैनल के इंटरव्यू में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने खुद माना है कि उनके दिल में मुख्यमंत्री बनने की बनने की चाहत है। उन्होंने कहा-‘मेरी भी महत्वाकांक्षा है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं लेकिन ये मेरे चाहने से नहीं होगा। यह तय करना पार्टी के नेतृत्व और विधायक दल का काम है।’ एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि हो सकता है कि अगली बार आप हमें सीएम या किसी और रूप में देखें। यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा।
इंटरव्यू में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारा पहला लक्ष्य उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुमत लाना है। हमने जिस तरह 2017 और 2022 में प्रचंड बहुमत हासिल किया 2027 में भी वैसा ही बहुमत लाना हमारी प्राथमिकता है। यही लक्ष्य लेकर हम चुनाव में जाएंगे। बहुमत लाने के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह विधायक दल तय करता है। केंद्रीय पर्यवेक्षक आते हैं वे फीडबैक लेते हैं और उसके आधार पर ऐलान करते हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ऐसा तो नहीं है कि मेरे मन में मुख्यमंत्री बनने की चाहत नहीं है लेकिन यह मेरे चाहने से नहीं होगा।
2027 में चुनाव बाद क्या यूपी में चेहरा बदली होगी? इस सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ये तय करना मेरा काम नहीं है। केशव प्रसाद मौर्य कब तक डिप्टी सीएम बने रहेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा- ‘अब देखिए अगली बार हो सकता है कि आप हमें सीएम के रूप में देखें, हो सकता है अगली बार और किसी रूप में देखें। यह तो पार्टी का नेतृत्व तय करेगा, केशव प्रसाद नहीं तय करेगा।’ उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में तमाम ऐसे सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता हैं जिन्हें मौका दिया जाता है।
यूपी में योगी ही होंगे बीजेपी का चेहरा
वैसे उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कयासों बाजार काफी पहले से गर्म है। इन कयासबाजियों पर इस साल अप्रैल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विराम लगा दिया था। नितिन नवीन ने स्पष्ट किया था कि अगले विधानसभा चुनाव सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में नितिन नवीन ने कहा था-‘योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बना है। जिसके नेतृत्व में एक सशक्त लॉ एंड आर्डर यूपी में स्थापित हुआ है वही 2027 का नेतृत्व करेगा।’ हालांकि भाजपा आमतौर चुनाव से पहले किसी चेहरे का ऐलान नहीं करती लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस बयान के बाद यह साफ हो गया था कि 2027 में वो योगी आदित्यनाथ पर ही दांव लगाएगी।
