चंडीगढ़। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी का सियासी कुनबा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में रविवार को पटियाला, मानसा, संगरूर, पातड़ा और लहरागागा क्षेत्रों से जुड़े तीन दर्जन से अधिक नेताओं व प्रमुख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने वालों में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। भाजपा ने दावा किया है कि किसान, कारोबारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ठेकेदार, पूर्व सैनिक और अन्य वर्गों से जुड़े लोगों ने भी भाजपा का दामन थामा है।
भाजपा में शामिल होने वालों में ओलिंपिक अवार्डी मनप्रीत कौर, किसान यूनियन से जुड़े निर्मल सिंह, किसान रामपाल लब्बल, कारोबारी दीपक गर्ग, अमितपाल सिंह और सुखजीत शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता दौली राम, तारा सिंह, सुशील कुमार और मनदीप सिंह, प्रापर्टी व्यवसाय से जुड़े बलविंदर सिंह तथा ठेकेदार सुखविंदर सिंह सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे। इनके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा में विश्वास जताया।
बीजेपी के प्रति लोगों में बढ़ रहा विश्वास
इस मौके पर नायब सिंह सैनी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का परिवार लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। पंजाब में लगातार बढ़ रहा यह जुड़ाव भाजपा की नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
नायब सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता का सरकार से मोहभंग हो चुका है। जिन उम्मीदों के साथ लोगों ने आप को सत्ता सौंपी थी, वे पूरी नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए भाजपा को एक मजबूत विकल्प के तौर पर देख रही है।
